कुल पेज दृश्य

मंगलवार, 23 अप्रैल 2019

क्रांति सूत्र-(प्रवचन-11)

क्रांति सूत्र (-प्रवचन-अंश-11) मैं कहता आंखन देखी, संस्करण 2006 में अनुक्रम-21

अहिंसा क्या है

मैं अहिंसा पर बहुत विचार करता था। जो कुछ उस संबंध में सुनता था, उससे तृप्ति नहीं होती थी। वे बातें बहुत ऊपरी होती थीं। बुद्धि तो उनसे प्रभावित होती थी, पर अंतस अछूता रह जाता था। धीरे-धीरे इसका कारण भी दिखा। जिस अहिंसा के संबंध में सुनता था, वह नकारात्मक थी। नकार बुद्धि से ज्यादा गहरे नहीं जा सकता है। जीवन को छूने के लिए कुछ विधायक चाहिए। अहिंसा, हिंसा को छोड़ना ही हो, तो वह जीवनस्पर्श नहीं हो सकती है। वह किसी को छोड़ना नहीं, किसी की उपलिंध होनी चाहिए। वह त्याग नहीं, प्राप्ति हो, तभी सार्थक है।  अहिंसा शींद की नकारात्मकता ने बहुत भ्रांति को जन्म दिया है। वह शींद तो नकारात्मक है, पर अनुभूति नकारात्मक नहीं है। वह अनुभूति शुद्ध प्रेम की है। प्रेम राग हो तो अशुद्ध है, प्रेम राग न हो तो शुद्ध है। राग-युक्त प्रेम किसी के प्रति होता है, राग-मुक्त प्रेम सबके प्रति होता है। सच यह है कि वह किसी के प्रति नहीं होता है। बस, केवल होता है। प्रेम के दो रूप हैं। प्रेम संबंध हो तो राग होता है। प्रेम स्वभाव हो, स्थिति हो तो, वीतराग होता है। यह वीतराग प्रेम ही अहिंसा है।  प्रेम के संबंध से स्वभाव में परिवर्तन अहिंसा की साधना है। वह हिंसा का त्याग नहीं, प्रेम का स्फुरण है। इस स्फुरण में हिंसा तो अपने आप छूट जाती है, उसे छोड़ने के लिए अलग से कोई
आयोजन नहीं करना पड़ता है। जिस साधना में हिंसा को भी छोड़ने की चेष्टा करनी पड़े वह साधना सत्य नहीं है। प्रकाश के आते ही अंधेरा चला जाता है। यदि प्रकाश के आने पर भी उसे अलग करने की योजना करनी पड़े तो जानना चाहिए कि जो आया है, वह और कुछ भी हो, पर कम-से-कम प्रकाश तो नहीं है। प्रेम पर्याप्त है। उसका होना ही, हिंसा का न होना है।  प्रेम क्या है साधारणतः जिसे प्रेम करके जाना जाता है, वह राग है और अपने-आप को भुलाने का उपाय है। मनुष्य दुःख में है और अपने-आप को भूलना चाहता है। तथाकथित प्रेम के माध्यम से वह स्वयं से दूर चला जाता है। वह किसी और में अपने को भुला देता है। प्रेम मादक द्रव्यों का काम कर देता है। वह दुःख से मुक्ति नहीं लाता, केवल दुःखों के प्रति मूर्च्छा ला देता है। इसे मैं प्रेम का संबंध-रूप कहता हूं। वह वस्तुतः प्रेम नहीं, प्रेम का भ्रम ही है। प्रेम का यह भ्रम-रूप दुःख से उत्पन्न होता है। दुःखानुभव व्यक्ति चेतना को दो दिशाओं में ले जा सकता है।  एक दिशा है उसे भूलने की, और एक दिशा है उसे विसर्जित करने की। जो दुःख विस्मृति की दिशा पकड़ता है वह जाने-अनजाने किसी न किसी प्रकार की मादकता और मूर्च्छा की खोज करता है। दुःख-विस्मरण में आनंद का आभास ही हो सकता है, क्योंकि जो है उसे बहुत देर तक भूलना असंभव हो सकता है। यह आभास ही सुख है। निश्चय ही यह सुख बहुत क्षणिक है। साधारण रूप से प्रेम नाम से जाना जानेवाला प्रेम ऐसे ही मूर्च्छा और विस्मरण की चित्तस्थिति है। वह दुःख से उत्पन्न होता है, और दुःख को भुलाने के उपाय से वह ज्यादा नहीं है।  मैं जिस प्रेम को अहिंसा कहता हूं वह आनंद का परिणाम है। उससे दुःख-विस्मरण नहीं होता है, वरन उसकी अभिव्यक्ति ही दुःख-मुक्ति पर होती है। वह मादकता नहीं, परिपूर्ण जागरण है। जो चेतना दुःख-विस्मरण नहीं, दुःख-विसर्जन की दिशा में चलती है, वह उस संपदा की मालिक बनती है, जिसे प्रेम कहते हैं। भीतर आनंद हो तो बाहर प्रेम फलित होता है। वस्तुतः जो भीतर आनंद है, वही बाहर प्रेम है। वे दोनों दो नहीं हैं, वरन एक ही अनुभूति की दो प्रतीतियां हैं। वे एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।  आनंद स्वयं को अनुभव होता है। प्रेम जो निकट आते हैं, उन्हें अनुभव होता है। आनंद केंद्र है, तो प्रेम परिधि है। ऐसा प्रेम संबंध नहीं, स्वभाव है। जैसे सूरज से प्रकाश निसृत होता है, ऐसे ही वह स्वयं से निसृत होता है। प्रेम के इस स्वभाव और रूप में कोई बाह्य आकर्षण नहीं, आंतरिक प्रवाह है। उसका बाहर से न कोई संबंध है, न कोई अपेक्षा है। वह बाहर से मुक्त और स्वतंत्र है। इस प्रेम को मैं अहिंसा कहता हूं।  मैं यदि दुःख में हूं तो हिंसा में हूं। मैं यदि आनंद में हो जाऊं तो अहिंसा में हो जाऊंगा। इसलिए स्मरणीय है कि अहिंसा की नहीं जाती है। वह क्रिया नहीं सत्ता है। उसका संबंध कुछ करने से नहीं, कुछ होने से है। वह आचार-परिवर्तन नहीं, आत्म क्रांति है। दुःख से जो प्रवाहित होता है, वह हिंसा है। आनंद से जो प्रवाहित होता है, वह हिंसा-निरोध है। मैं क्या करता हूं, यह सवाल नहीं है। मैं क्या हूं, यह सवाल है।   मैं दुःख हूं या आनंद हूं, यह प्रत्येक को अपने से पूछना है। उस उत्तर पर ही सब कुछ निर्भर करता है। तथाकथित आनंद के पीछे झांकना है, भुलावों और आत्मवंचनाओं के आवरणों को उघाड़कर देखना है। उसे ‘जो वस्तुतः है’ जानने को स्वयं के समक्ष नग्न होना जरूरी है। आवरणों के हटते ही दुःख की अतल गहराइयां अनुभव होती हैं। घने अंधेरे और संताप का दुःख अनुभव होता है। भय लगता है, वापिस अपने आवरण को ओढ़ लेने का मन होता है। इस भांति भयभीत होकर जो अपने दुःख को ढांक लेते हैं, वे कभी आनंद को उपलींध नहीं होते हैं। दुःख को ढांकना नहीं, मिटाना है और उसे मिटाने के लिए उसका साक्षात करना होता है। यह साक्षात ही तप है।  दुःख का विस्मरण संसार में ले जाता है। दुःख का साक्षात स्वयं में ले जाता है। जो उससे भागता है और उसे भूलना चाहता है, वह मूर्च्छा को आमंत्रण देता है। वह स्वयं ही मूर्च्छा की खोज करता है। साधारणतः जिसे हम जीवन कहते हैं वह मूर्च्छा के अतिरिक्त और क्या है और जिसे हम सफल जीवन कहते हैं, वह सफलता पा लेने के सिवाय और क्या है जीवन में सन्निहित दुःख को जो धन की, या यश की, या काम की मादकता में भूलने में सफल मालूम होते हैं उन्हें हम सफल कहते हैं। पर सत्य कुछ अन्यथा ही है। ऐसे लोग जीवन को पाने में नहीं, गंवाने में सफल हो गए हैं। उन्होंने दुःख को भुलाकर आत्मघात ही कर लिया है। दुःख के प्रति जागरण आनंद को आत्मा में प्रतिष्ठित कर देता है।  दुःख साक्षात अमूर्च्छा लाता है। उससे निद्रा टूटती है। जो व्यक्ति दुःख या संताप से घबराकर पलायन नहीं करता, और किन्हीं सपनों में स्वयं को नहीं खो लेता है, वह अपने भीतर एक अभूतपूर्व चैतन्य को जागृत करता है। वह एक क्रांति का साक्षी बनता है। चैतन्य का यह जागरण उसे आमूल परिवर्तित कर देता है। वह अपने भीतर अंधेरे को टूटते हुए देखता है और देखता है कि उसकी चेतना के रंध्र-रंध्र से प्रकाश परिव्याप्त हो रहा है। इस प्रकाश में पहली बार वह स्वयं को जानता है। पहली बार उसे दिखता है कि वह कौन है!  दुःख साक्षात के दबाव में ही आत्म-जागरण होता है। आंतरिक पीड़ा का आत्यंतिक बोध अपनी चरम स्थिति पर विस्फोट बन जाता है। जो इस सीमा तक पीड़ा से गुजरने को राजी होते हैं, वे पीड़ा के बाहर पहुंच जाते हैं। जो इतना साहस करता है, उसके लिए सत्य अपना द्वार खोल देता है।  मैं कौन हूं, यह जान लेना ही सत्य को जान लेना है। इस बोझ के साथ ही दुःख विसर्जित हो जाता है। दुःख स्व-अज्ञान के अतिरिक्त और कुछ नहीं है। मैं अपने को जानते ही आनंद का अधिकारी हो जाता हूं। वह जो प्रत्येक के भीतर है, सच्चिदानंद है। उस ब्रह्म की अनुभूति आनंद है। ब्रह्म को, आत्मा को जानना सत्य को जानना है। सत्य को जानना आनंद को पा लेना है।  सत्य पाया जाता है। आनंद और प्रेम उसमें फलित होते हैं। जो अंतस में आनंद होता है, वही आचरण में अहिंसा होकर दिखता है। अहिंसा सत्यानुभूति का परिणाम है। वह सत्य के दीए का प्रकाश है।  समाधि के पौधे में सत्य के फूल लगते हैं और अहिंसा की सुगंध आकाश में परिव्याप्त हो जाती है।  


 ओशो 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें